बालूमाथ (लातेहार)। स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में बालूमाथ में रन फॉर यूनिटी समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में थाना परिसर से शॉर्ट मैराथन निकाली गयी, इसमें पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. शॉर्ट मैराथन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाये रखने की शपथ भी दिलायी गयी. थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस पब्लिक संवाद आयोजित किया गया है. संवाद के दौरान भारतीय न्याय संहिता, यूथ मेंटरशिप सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गयी. उन्होंने युवाओं से कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों को समझने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत होता है. कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता की भावना को जन जन तक पहुंचाने के साथ पुलिस और आम जनता के बीच संबंधों को और मजबूत करना है. मौके पर बालूमाथ थाना के एसआई देवेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिस जवान, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या मे ग्रामीण शामिल थे.