लातेहार। 19 नवंबर को कांग्रेसियो ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व इंदिरा गांधी की जयंती मनाया. जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, केदार पासवान व जिला प्रभारी निरंजन पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे. सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को आयरन लेडी कहा जाता था, क्योंकि उनके नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की. उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबों, किसानों और कमजोर वर्गों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है. गरीबी उन्मूलन को मुख्य मुद्दा बनाया और 20 सूत्री कार्यक्रम चलाया. देश के 14 बड़े बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, जिससे बैंकिंग सेवा गांवों और आम लोगों तक पहुंची. उन्होने कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाने की अपील की. कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा. कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता पंकज तिवारी, प्रदेश सह सचिव आफताब आलम, चतरा जिला अध्यक्ष चंद्रदेव गोप, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष गुंजर उरांव, विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव साजन कुमार, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव व मनोज पासवान सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.