लातेहार। जिले के बरवाडीह के बस स्टैंड में एक गुमटीनुमा दुकान में अचानक आग लग जाने से दुकानदार को तकरीबन डेढ़ से दो लाख रूपये की क्षति हुई है. दुकानदार उमेश प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को बाहर चले जाने के कारण उन्होने अपनी दुकान नहीं खोली थी. रात के तकरीबन एक डेढ़ बजे पीसीआर व स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनके दुकान में आग लग गयी है. वे आनन फानन में दुकान पहुंचे तो देखा कि आग पूरी तरह दुकान में फैली है दुकान में रखा सब सामान जल गया है.
इस अगलगी मे उनके दुकान में रखे मोबाइल, चार्जर, केबूल, कंप्यूटर, प्रिज व डीप फ्रिजर आदि जल कर राख हो गया है. उन्होने बताया कि ढेड़ से दो लाख रूपये का नुकसान हुआ है. उन्होने बताया कि दुकान की छत का एस्बेस्टस (अल्बेस्टर) टूटा हुआ है. इससे प्रतीत होता है कि किसी ने जानबूझ कर नुकसान पहुंचाया है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू किया. थाना प्रभारी अनुराग गुप्ता ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.