
महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड के चुटिया गांव में भारी वाहन की चपेट में आने से बिजली के छह खंभे क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गए हैं. इस घटना के बाद से गांव में पिछले करीब दो महीने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है. लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली विभाग को सूचना दिए जाने के बावजूद अब तक क्षतिग्रस्त खंभों की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, राजडंडा पुल ध्वस्त होने के बाद से कुरो मोड़ से चुटिया गांव होकर छोटे-बड़े वाहनों के साथ-साथ भारी वाहनों का भी लगातार आवागमन हो रहा है. इसी दौरान एक भारी ट्रक बिजली के खंभों की चपेट में आ गया, जिससे एक के बाद एक छह बिजली के खंभे टूटकर गिर गए. खंभों के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही बिजली के तार भी टूटकर सड़क पर बिखर गए. इसके बाद से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. बिजली आपूर्ति बंद रहने से चुटिया गांव के लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है. विद्यार्थियों की पढ़ाई, मोबाइल चार्ज करने, घरेलू कामकाज तथा अन्य जरूरी कार्यों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों की मुश्किलें भी लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें पिछले दो महीने से इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त छह बिजली खंभों को बदलने, टूटे हुए तारों को दुरुस्त करने और गांव में नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने विभाग से सवाल किया है कि सूचना दिए जाने और दो महीने का समय बीत जाने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य क्यों शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें अपनी मांगों को लेकर आगे आवाज उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.



