बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ के ग़ालिब कॉलोनी निवासी प्रवेज आलम उर्फ बबलू सर के पुत्र होजैफा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में पहली ही कोशिश में शानदार सफलता हासिल कर बालूमाथ के साथ लातेहार जिले का नाम रौशन किया है. होजैफा ने नीट परीक्षा में 585 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 15820 हासिल किया है. उसकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है. होजैफा शुरू से ही मेधावी और मेहनती छात्र रहा हैं. वह अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह सफलता प्राप्त की है. यह उसकी पहली ही कोशिश थी, जिसमें उसने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से बड़ा से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इससे पहले भी होजैफा अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुका है. इंटरमीडिएट (विज्ञान) की परीक्षा में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लातेहार जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया था. अब नीट जैसी देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर वह अपनी प्रतिभा को एक बार फिर सिद्ध कर दिया है. होजैफा की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है. होजैफा की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को भी कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी. उसकी इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए होजैफा के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. सभी ने दुआ की कि होजैफा आगे चलकर एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनें, समाज और देश की सेवा करें तथा अपनी प्रतिभा और कार्यों से बालूमाथ, लातेहार और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करे. होजैफा के पिता शिक्षक हैं. जो पिछले दिनों तक साइंस पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे. होजैफा पूर्व में देश के प्रतिष्ठित रहमानी थर्टी के लिए भी चयनित हो चुके थे.