बालूमाथ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर मंगलवार को सड़क हादसे में एक हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है. घटना मकइयाटांड़ पिकेट के समीप की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार तुबेद कोल माइंस से कोयला लोड कर एक हाईवा कुसमाही साइडिंग की ओर जा रही थी . इसी दौरान मकइयाटांड़ पिकेट के पास सड़क पर आगे खड़े एक लोडेड हाईवा से पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी, कि पीछे से आ रहे हाईवा का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल चालक हेरहंज थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए बालूमाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया.