लातेहार। शहर के वार्ड नंबर 14 में झुके हुए बिजली पोल को लेकर शुभम संवाद में प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग ने मामले पर संज्ञान लेते हुए झुके हुए बिजली पोल को दुरुस्त करा दिया। बताया जाता है कि पिछले दिनों वार्ड नंबर 14 में एक बिजली पोल झुक गया था। झुके हुए पोल के कारण आसपास के लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने शुभम संवाद से बातचीत के दौरान बताया था कि यदि समय रहते पोल को ठीक नहीं कराया गया तो कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शुभम संवाद ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग ने संज्ञान लिया. विद्युत कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता के निर्देश पर विभाग ने मंगलवार की शाम कर्मियों को भेजकर झुके हुए बिजली पोल को दुरुस्त कराया। पोल ठीक होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने कहा कि समय रहते बिजली पोल की मरम्मत होने से संभावित दुर्घटना की आशंका कम हो गई है। स्थानीय लोगों ने समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए शुभम संवाद के प्रति भी आभार जताया।