महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गाबाड़ी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं आमजनों की सुविधा के लिए निर्मित शीतल पेयजल केंद्र का रविवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर महुआडांड़ प्रखंड के समाजसेवी सुरेश साहू एवं हिंदू महासभा के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने संयुक्त रूप से केंद्र का उद्घाटन कर इसे जनसेवा के लिए समर्पित किया।यह शीतल पेयजल केंद्र सेठ स्वर्गीय दामोदर प्रसाद तुलस्यान की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्र आलोक तुलस्यान, रांची द्वारा दुर्गाबाड़ी मंदिर परिसर में बनवाया गया है। केंद्र के शुरू होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।उद्घाटन समारोह में उपस्थित हिंदू महासभा के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने समाज सेवा की भावना से किए गए इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे जनहितकारी कार्य लोगों को सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है और इस प्रकार की पहल समाज के लिए अनुकरणीय है।वहीं हिंदू महासभा के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि स्व. दामोदर प्रसाद तुलस्यान की स्मृति में स्थापित यह शीतल पेयजल केंद्र श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए एक स्थायी सेवा का माध्यम बनेगा। उन्होंने इस जनकल्याणकारी कार्य के लिए आलोक तुलस्यान के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में हिंदू महासभा के पदाधिकारी भानु प्रसाद, मनोज कुमार जायसवाल (किराना), कृष्णा प्रसाद, बिहारी लाल जायसवाल, अजय प्रसाद गुप्ता, बैजनाथ प्रसाद गुप्ता, सतीश गुप्ता, बिगन प्रसाद, डॉ. ए.के. शाह, संदीप प्रसाद,सुनील प्रसाद, सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता, अरविंद प्रसाद, राकेश कुमार सहित हिंदू महासभा के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।