लातेहार
छठ पूजा के दौरान पुलिस अधीक्षक की सादगी ने जीता लोगों का दिल, खुद संभाली पूजा की व्यवस्था


इस दौरान शहर के औरंगा नदी स्थित प्रमुख छठ घाट पर पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की सादगी और सहज व्यवहार लोगों के बीच विशेष चर्चा का विषय रहा. दरअसल, पुलिस अधीक्षक की माता जी ने इस वर्ष भी छठ व्रत किया था. इस कारण वे अपने परिवार के साथ छठ घाट पहुंचे थे. घाट पर उन्होंने किसी अधिकारी की तरह विशेष व्यवस्था का इंतजार करने के बजाय सामान्य श्रद्धालु की तरह अपनी जिम्मेदारियां निभाईं.
एक ओर जहां वे जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते हैं, वहीं दूसरी ओर पारिवारिक जिम्मेदारियों को सहजता से निभाते नजर आए. उनकी यही सादगी और सरलता वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आई. इतना ही नहीं पुलिस अधीक्षक पूजा के दौरान मोबाइल फोन से अपने परिजनों की तस्वीर भी खींचते नजर आए. पूजा के समापन के बाद पुलिस अधीक्षक ने श्री सूर्यनारायण पूजा समिति द्वारा घाट पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि लातेहार का छठ महापर्व ऐतिहासिक और विशेष महत्व रखता है. वे पिछले कई वर्षों से यहां छठ पूजा कर रहे हैं और इस दौरान उन्हें कभी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. प्रत्येक वर्ष घाट पर व्यवस्था में बेहतर सुधार देखने को मिलता है. उन्होंने इसके लिए श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह सहित पूरी टीम को बधाई दी और उनके प्रयासों की प्रशंसा की. छठ महापर्व के दौरान पुलिस अधीक्षक का यह सहज और पारिवारिक रूप लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. उनकी सादगी ने यह संदेश दिया कि पद और जिम्मेदारियों के साथ-साथ पारिवारिक परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों का भी अपना विशेष महत्व है.