लातेहार। छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को लेकर नगर पंचायत लातेहार की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देशानुसार संध्या अर्घ्य के उपरांत नगर पंचायत की सफाई टीम द्वारा शहर के सभी छठ घाटों एवं आसपास की सड़कों पर नाइट स्वीपिंग (रात्रिकालीन सफाई) की जा रही है. इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य छठ घाटों और आवागमन वाले रास्तों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना है, ताकि अगले दिन सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पहुंचने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. नगर पंचायत के सफाई कर्मियों द्वारा देर रात तक सफाई कार्य किया जा रहा है. घाटों पर पूजा के दौरान फैले कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है. साथ ही सड़कों और आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ बनाया जा रहा है. नगर पंचायत की इस पहल से श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण में छठ पूजा करने में सुविधा मिलेगी. नगर पंचायत प्रशासन ने पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है.मौके पर नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा और डॉ आनंद किशोर दांगी मुख्य रूप से उपस्थित थे.