महुआडांड़ (लातेहार)। पांच अगस्त 2026 को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद मनिका विधानसभा क्षेत्र के महुआडांड़ अनुमंडल के पंचायत गड़बूढ़नी के पहाड़कापू गांव स्थित बूथ संख्या 317 पर 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा किए जाने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि इन प्रपत्रों में संबंधित मतदाताओं को “पते पर मौजूद नहीं” अथवा “स्थानांतरित” बताते हुए मतदाता सूची से नाम हटाने की अनुशंसा की गई है. मामला सामने आने के बाद शनिवार को पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरूल अंसारी एवं कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. बैठक में मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।.ग्रामीणों की ओर से महुआडांड़ के अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देने की बात कही गई है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार सोनी एवं ग्राम प्रधान सह भाजपा बूथ सदस्य जोगेंद्र खेरवार द्वारा 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा कराने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है. मतदाता अयूब अंसारी ने बताया कि एसआईआर के दौरान उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे. पांच अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम भी शामिल था. लेकिन चार सितंबर को उन्हें जानकारी मिली कि राजेंद्र कुमार सोनी द्वारा उनका नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए उन्हें “पते पर मौजूद नहीं” बताते हुए प्रपत्र-7 बीएलओ के पास जमा किया गया है. वहीं, मतदाता अख्तरी खातून ने आरोप लगाया कि उनके नाम को मतदाता सूची से हटाने के लिए दिए गए प्रपत्र-7 पर ग्राम प्रधान जोगेंद्र खेरवार, जो भाजपा के बूथ एजेंट बताए जा रहे हैं, द्वारा फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं. उन्होंने कहा कि न तो उनकी मृत्यु हुई है और न ही उन्होंने गांव से पलायन किया है. पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी ने बताया कि बूथ संख्या 317 की बीएलओ अनीमा खलखो ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनके समाज के 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 दिए गए हैं. हदीस अंसारी के अनुसार, जानकारी मिलने के बाद जब उन्होंने मामले की पड़ताल की तो आरोप सामने आया कि बराही गांव के भाजपा पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार सोनी और जोगेंद्र खेरवार द्वारा बीएलओ पर प्रपत्रों पर मोहर एवं हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जा रहा था. मुखिया रेणु तिग्गा ने कहा की राजेंद्र कुमार सोनी भाजपा का कार्यकर्ता हैं, जो नाम हटाने के लिए दिया है, सभी मतदाता गांव में रहते हैं, यह भाजपा कार्यकर्ताओं की साज़िश है. इसे लेकर उच्च अधिकारी को जांच के लिए आवेदन दिया जाएगा. बीएलओ अनीमा खलखो ने बताया कि ग्राम प्रधान एवं भाजपा बूथ सदस्य जोगेंद्र खेरवार द्वारा प्रपत्र-7 के फॉर्म दिए गए थे. उन्होंने कहा कि फॉर्म देखने के बाद उन्हें समझ में आया कि यह मतदाता का नाम हटाने से संबंधित है, इसलिए उन्होंने फॉर्म जमा नहीं किया और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. ग्राम प्रधान जोगेंद्र खेरवार ने बताया कि राजेंद्र कुमार सोनी ने उनसे कहा था कि ये 42 फॉर्म कार्यालय की ओर से मिले हैं और इन पर हस्ताक्षर कर बीएलओ के पास जमा करना है. हालांकि, मामले को लेकर ग्रामीणों ने इसकी जांच की मांग की है. मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने कहा कि प्रपत्र-7 का इस्तेमाल सामान्यतः ऐसे मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया में किया जाता है, जो संबंधित स्थान से बाहर चले गए हों या जिनकी मृत्यु हो चुकी हो. उन्होंने आरोप लगाया कि जीवित और अपने पते पर मौजूद लोगों के नाम हटाने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतें अन्य स्थानों से भी सामने आ रही हैं, इसलिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए. कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरूल अंसारी ने कहा कि मामले की जानकारी मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को दी गई है. उन्होंने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी को भी मामले से अवगत कराया गया है और ग्रामीणों की ओर से लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी. महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना लोगों के माध्यम से मिली है. उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने और मामले की जांच के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है।उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने की बात कही. प्रपत्र-7 में जिन 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म भरा गया है उनमें अमानुल अंसारी, जलालुद्दीन अंसारी, नसराफून बीबी, शमीमा बीबी, सलीमा खातून, आमिर अंसारी, सकीना बीवी, सजीम मियां, शमीम अंसारी, जहारिन बीबी, सकुनत बीबी, जुनाप मिया, शाहिद अंसारी, साहिबन खातून, जमीर अंसारी, शबाना खातून, तस्लीम अंसारी, अख्तरी खातून, अनवर अंसारी, तैबून बीबी, रहमतुन खातून, तौकीर अंसारी, इम्तियाज अंसारी, इब्राहिम अंसारी, मजीम मियां, मुनेषा बीबी, अमिर अंसारी, जमीर अंसारी, सफूरन बीवी, नूरुल अंसारी, रिजवाना बीबी, इमरान अंसारी, अयूब अंसारी, अजमेरउन बीबी, नगीना बीवी, रजिया खातून, अली हुसैन मियां, सहुल्ला मियां, सनाउल अंसारी, जुलेखा बीवी, रुकायदा खातून और सुहानी खातून शामिल हैं.