लापुर स्थित इज्तेमागाह में आयोजित तीन दिवसीय रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा में शनिवार को अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा. 13 से 15 नवंबर तक आयोजित इस इज्तेमा में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से लाखों की संख्या में लोग पहुंचे हैं. इज्तेमागाह में नमाज, इबादत और दीन की तालीम के साथ उलेमा के इस्लाही बयानों का सिलसिला जारी है. रविवार को होने वाली सामूहिक दुआ को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इस दौरान देश और राज्य की खुशहाली, अमन-शांति, भाईचारे, तरक्की और इंसानियत की सलामती के लिए दुआ मांगी जाएगी.
200 से अधिक जोड़ों का सामूहिक निकाह, दहेज के खिलाफ लिया संकल्प
इज्तेमा के दौरान शनिवार को असर की नमाज के बाद 200 से अधिक जोड़ों का सामूहिक निकाह संपन्न कराया गया. जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने बताया कि मरकज निजामुद्दीन से आए मौलाना ने निकाह पढ़ाया. सामूहिक निकाह के माध्यम से समाज को सादगी के साथ शादी करने और निकाह को आसान बनाने का संदेश दिया गया. इस दौरान लोगों को दहेज जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रहने तथा शादी-विवाह में फिजूलखर्ची नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई.
अमीर साहब के बयान को सुनने के लिए उत्साहित दिखे लोग
इज्तेमा में अमीर साहब मोहम्मद इम्तियाज के बयान को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्सुक नजर आए. अपने संबोधन में उन्होंने निकाह को आसान बनाने, सामाजिक बुराइयों को दूर करने, सादगीपूर्ण जीवन अपनाने और जमात की अहमियत पर जोर दिया. उन्होंने लोगों से दीन की शिक्षाओं के अनुरूप जीवन जीने तथा अपने आचरण और व्यवहार से समाज में अच्छाई को बढ़ावा देने की अपील की.
उलेमा ने दिया भाईचारे और इंसानियत का संदेश
इज्तेमा में रांची समेत आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे उलेमा-ए-कराम ने भी विभिन्न विषयों पर तकरीर की. उन्होंने इंसानियत, आपसी भाईचारे, मोहब्बत और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन का अहम हिस्सा बताया. वक्ताओं ने हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी सद्भाव और इंसानी हमदर्दी को मजबूत करने की अपील करते हुए सभी धर्मों के लोगों के साथ प्रेम, सम्मान और सद्भाव से रहने का संदेश दिया.
इंतजाम में जुटे ग्रामीणों और युवाओं की सराहना
जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने इज्तेमा की व्यवस्था में जुटे स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग बाहर से आने वाले मेहमानों की खिदमत में दिन-रात जुटे हुए हैं. खासकर युवाओं ने यातायात व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. भारी भीड़ के बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक लगातार काम कर रहे हैं.
मेहमानों के लिए स्थानीय लोगों से टेंट खाली करने की अपील
इज्तेमागाह में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए इंतजामिया की ओर से स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई है. बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय लोगों से रात 10 बजे के बाद अपने टेंट खाली करने का आग्रह किया गया, ताकि दूर-दराज से पहुंचे लोगों को ठहरने की जगह उपलब्ध कराई जा सके. स्थानीय लोगों ने भी इस अपील पर सहयोग का भरोसा दिया है.
रास्ते में जगह-जगह लगाए गए स्वागत और सेवा शिविर
इज्तेमा में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा के लिए रास्ते में जगह-जगह सैकड़ों स्वागत और सेवा शिविर लगाए गए हैं. इन शिविरों में मेहमानों के लिए निःशुल्क चाय, पानी, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा कई स्थानों पर बैठने और आराम करने का इंतजाम भी किया गया है. स्थानीय सामाजिक संगठनों, युवाओं और ग्रामीणों की ओर से लगातार सेवा कार्य किया जा रहा है.
रविवार को सुबह 10 से 11 बजे के बीच होगी सामूहिक दुआ
तीन दिवसीय रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा का समापन रविवार, 15 नवंबर को सामूहिक दुआ के साथ होगा. दुआ सुबह 10 से 11 बजे के बीच होने की संभावना है. इसमें शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद इज्तेमागाह पहुंच रहे हैं. बढ़ती भीड़ को देखते हुए इंतजामिया और स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे हैं. सामूहिक दुआ में देश की खुशहाली, अमन-शांति, आपसी भाईचारे, तरक्की और पूरी इंसानियत की सलामती के लिए दुआ की जाएगी.