लातेहार। नगर पंचायत लातेहार ने शनिवार को सड़क सुरक्षा के तहत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा ने बताया कि यह अभियान धर्मपुर चौक से पानी टंकी तक चलाया गया. अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए सब्जी, होर्डिंग एवं अन्य सामानों को जब्त किया गया. सड़क किनारे सब्जी व अन्य सामान नहीं लगाने का सख्त निर्देश दिया गया. नगर पंचायत ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अनुरोध किया गया है कि वे सड़क किनारे किसी प्रकार का व्यापार न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. श्री वर्मा ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी, साथ ही सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी. इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान लोगों को सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए जागरूक भी किया गया. उक्त अभियान में नगर प्रबंधक के अलावा विधि सहायक, कनीय अभियंता, लेखपाल सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी उपस्थित थे.