
महुआडांड़/नेतरहाट (लातेहार)। नेतरहाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एक बार फिर विवादों में घिर गया है. अस्पताल में शराब सेवन, गाली-गलौज और ड्यूटी में लापरवाही से संबंधित शिकायतों को लेकर नौ सितंबर को पंचायत सचिवालय में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया. ग्राम प्रधान सत्येन्द्र किसान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मामले पर विस्तार से चर्चा की गई. ग्राम सभा में शिकायतों पर विचार-विमर्श के बाद संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों के स्थानांतरण की अनुशंसा करते हुए उनके स्थान पर अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की गई. ग्राम सभा में रखी गई शिकायत के अनुसार, नेतरहाट पीएचसी में पदस्थापित डॉ. रवि उराँव और कर्मचारी कामरंजन पासवान पर अस्पताल परिसर में शराब का सेवन करने तथा अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं. शिकायत में तीन सितंबर की रात करीब आठ बजे नर्स सूर्यमणि तिग्गा के कमरे में शराब सेवन किए जाने का भी आरोप लगाया गया. बैठक में ग्राम सभा के समक्ष कुल पांच प्रस्ताव रखे गए. पहले प्रस्ताव में प्राप्त शिकायत पर चर्चा की गई. दूसरे प्रस्ताव में तीन सितंबर की रात नर्स के कमरे में शराब सेवन से संबंधित शिकायत पर विचार किया गया और ग्राम सभा की कार्यवाही में शिकायत को सही पाए जाने का उल्लेख किया गया. तीसरे प्रस्ताव में डॉ. रवि उराँव के ड्यूटी का उचित तरीके से निर्वहन नहीं करने संबंधी शिकायत पर चर्चा की गई.चौथे प्रस्ताव में कामरंजन पासवान पर गाली-गलौज एवं धमकी देने से संबंधित लिखित शिकायत प्राप्त होने का उल्लेख किया गया. पांचवें प्रस्ताव में ग्राम सभा ने डॉ. रवि उराँव, नर्स सूर्यमणि तिग्गा और कर्मचारी कामरंजन पासवान के स्थानांतरण की अनुशंसा की. पीएचसी में अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति किए जाने की मांग की गई, ताकि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके.ग्राम सभा में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा है, इसलिए वहां कार्यरत कर्मियों से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा है. बैठक में ग्राम प्रधान सत्येन्द्र किसान, मुखिया रामबिसुन नगेसिया, पंचायत समिति सदस्य चांदनी भगत, वार्ड सदस्य शंकर किसान, संध्या टोप्पो, सोनी कुमारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



