लातेहार। जिले के मनिका पंचायत के पोखरी गांव में गुरूवार को वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ग्रामीणों एवं संबंधित बूथ के बीएलओ की उपस्थिति में मतदाता सूची की ड्राफ्ट लिस्ट की जानकारी दी. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और एसआईआर प्रक्रिया के तहत मताधिकार से जुड़ी चिंताओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना बेहद जरूरी है. इसके लिए सभी को जागरूक रहकर मतदाता सूची की जांच करनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए. उन्होंने ग्रामीणों से मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार कराने की अपील की. इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष संतनु मिश्रा, जिला प्रभारी निरंजन पासवान, चतरा जिला प्रभारी केदार पासवान, लातेहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष व चतरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष समेंत कई कांग्रेसी व ग्रामीण मौजूद थे.