


नेतरहाट (लातेहार)। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर शनिवार को नेतरहाट थाना क्षेत्र के ग्राम दौना में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महुआडांड़ पूजा कुमारी ने किया. अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवैध अफीम-पोस्ता की खेती नहीं करने के लिए जागरूक किया. उन्होंने बताया कि अफीम की खेती कानूनन अपराध है और इसमें पकड़े जाने पर कड़ी सजा का प्रावधान है. ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इस अवैध धंधे से दूर रहें और अपने बच्चों को भी इससे बचाएं. इसके साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि नशा न सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी बर्बाद कर देता है. कार्यक्रम में ग्रामीणों को आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112 के उपयोग के बारे में बताया गया. किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर तुरंत पुलिस की मदद ली जा सकती है. इसके अलावा डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया. अधिकारियों ने कहा कि डायन के नाम पर किसी को प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है. अंत में दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई.

