झारखंड
उपायुक्त की अध्यक्षता में डीएमएफटी व जिला अनाबद्ध निधि के कार्यों की समीक्षा

लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में डीएमएफटी की राशि से जिले में किये जा रहे विकास कार्यों, जिला अनाबद्ध निधि मद अंतर्गत क्रियान्वित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में उपायुक्त को डीएमएफटी के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी से अवगत कराया गया.उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए. योजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए सभी कार्यों को पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया जाए. उन्होंने लंबित योजनाओं में तेजी लाने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी के माध्यम से जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. बैठक में जिला अनाबद्ध निधि अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी से अवगत कराया गया. उपायुक्त ने कार्य प्रगति, गुणवत्ता, भौतिक उपलब्धि तथा वित्तीय व्यय की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तायुक्त कार्य कराना सुनिश्चित करें.
बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी डीएमएफटी मेरी मड़की, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता, सबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.





