लातेहार। उपायुक्त लातेहार के निर्देश पर चंदवा प्रखंड के सेरक पंचायत में अफीम की अवैध खेती, प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी, सेवन एवं दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान यादव कला जत्था, होटवाग लातेहार के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया. नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने अफीम की अवैध खेती और नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. लोगों को नशे से दूर रहने तथा अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ जागरूक होकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई. इस जागरूकता कार्यक्रम में नागेश्वर यादव, देवेंद्र यादव, एतवा उरांव, नरेश राम, रमेश बैठा, रीना देवी, प्रभा देवी, रीता कुंवर एवं विनिता कुमारी समेत कई कलाकारों ने भाग लिया. कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों तक नशामुक्त समाज का संदेश पहुंचाया गया.