लातेहार। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गुरूवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त संदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर ‘नशा लातेहार छोड़ो’ जागरूकता रैली को रवाना किया. जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा नशा उन्मूलन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया गया. रैली के माध्यम से आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसका दुष्प्रभाव व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है. विशेषकर युवाओं एवं किशोरों को नशे से दूर रखना आवश्यक है. इसके लिए व्यापक जनजागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता जरूरी है. जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा यह जागरूकता रैली 21 नवंबर को जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी निकाली जाएगी. अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनाना तथा उन्हें इस सामाजिक बुराई से बचाना है. मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन , बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनीता कुमारी समेत महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया, जेएसएलपीएस की सखी दीदी व अन्य कर्मी उपस्थित थे.