महुआडांड़ (लातेहार)। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर परप्रखंड में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में संविधान दिवस मनाया गया. थाना परिसर में थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने एकजुट होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की. इस मौके पर संविधान की प्रस्तावना में वर्णित राष्ट्र की एकता, अखंडता और व्यक्ति की गरिमा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया. पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कानून के शासन को मजबूत बनाने, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ ली. थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया. प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य कार्यालयों में भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर लोगों को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के महत्व से अवगत कराया गया.