लातेहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। छठ महापर्व के प्रथम दिन नहाय-खाय के अवसर पर धर्मपुर के सब्जी विक्रेता उपेंद्र गुप्ता ने श्रद्धालुओं के बीच 221 किलो कद्दू का निःशुल्क वितरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग कद्दू लेने पहुंचे।
उपेंद्र गुप्ता की इस पहल की लोगों ने सराहना की। छठ महापर्व में नहाय-खाय के दिन कद्दू और चावल का विशेष महत्व होता है। इस दिन व्रती कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत करते हैं। उपेंद्र गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनकी इस पहल से क्षेत्र में सामाजिक सहयोग और पर्व की खुशियां देखने को मिलीं।