लातेहार। छठ महापर्व के पावन अवसर पर सेवा और सामाजिक समर्पण की मिसाल पेश करते हुए श्रीराम टेंट हाउस एवं आलोक मोहन सेवा स्मृति आश्रम ने 34 वें वर्ष भी छठ व्रतियों के बीच दूध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. खरना (खीर भोजन) के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छठ व्रतियों को लागत मूल्य पर दूध उपलब्ध कराया गया. साथ ही संस्था की ओर से प्रत्येक छठ व्रती को आधा लीटर दूध निःशुल्क प्रदान किया गया. दूध वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यक्रम की शुरुआत हुई. संतोष मिश्रा एवं उनके सहयोगियों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. मौके पर संस्थान के संस्थापक रामनाथ अग्रवाल, संयोजक श्याम किशोर अग्रवाल व अमीत किशोर अग्रवाल ने बताया कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन और लोक कल्याण का प्रतीक है. ऐसे पावन अवसर पर व्रतियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना एक पुनित कार्य है. इससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और सद्भावना की भावना भी मजबूत होती है. कार्यक्रम में बजरंग अग्रवाल, श्याम किशोर अग्रवाल, अमित किशोर अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मुरली अग्रवाल, दयमंती देवी, सुनीता अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, बिमला अग्रवाल, तन्नू कुमारी, ऋषिका अग्रवाल, वणिशा, प्रथमेश राज, विशाल विश्वकर्मा, रोहित अग्रवाल, नवनीत कुमार व दीपक अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग एवं संस्था के सहयोगी उपस्थित थे. संस्थान के इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की.