विभिन्न पंचायतों से अब तक 15,800 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं
ऑन द स्पॉट आवेदन स्वीकृत करने की दिशा में किया जा रहा है काम
उपायुक्त ने कहा- योजनाओं को गांव व टोलों तक पहुंचाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है
लातेहार। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान के तहत लातेहार जिले के विभिन्न प्रखंडों के दर्जनों पंचायतों में जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा चुका है. भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की इस पहल के तहत उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर 15 जून से 30 जून तक जिले के दूर-दराज के जनजातीय गांवों में विभिन्न केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है. शिविरों मे पात्र लाभुकों को इसका लाभ भी दिलाया जा रहा है. अभियान के तहत अब 15 जून से 18 जून तक जिले भर से 15,803 आवेदन प्राप्त हुए हैं. प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा, आयुष्मान भारत कार्ड, जनधन खाता, श्रमिक कार्ड समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन में इसमें शामिल हैं. शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण भाग ले रहे हैं. प्रशासनिक पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के कर्मियों ने मिलकर ऑन द स्पॉट आवेदन स्वीकृत करने की दिशा में काम किया है. शिविरों के माध्यम से न केवल योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है, बल्कि ग्रामीणों में साक्षरता, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जागरूकता फैलाई जा रही है. बता दें कि लातेहार जनजाति बहुलता वाला जिला है. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन जनजातियों के मूलभूत आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. केंद्र सरकार और राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं से लाभकों को आच्छादित करने का प्रयास किया जा रहा है. समेकित नजाति विकास प्राधिकारण के निदेशक प्रवीण गगराई उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले भर में लगाये जा रहे कैंप का निरंतर पर्यवेक्षक और निर्देशन कर रहे हैं ताकि ससमय योजनाओं को जनजाति आबादी तक पहुंचा जा सके.