रांची। झारखंड सरकार ने नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है. इस संबंध में झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई है. अधिसूचना के अनुसार राज्य सरकार ने 06 सितंबर एवं 07 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है. राजकीय शोक की अवधि में राज्य के सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. इस दौरान राज्य में किसी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा. सरकार के निर्णय के अनुसार 07 सितंबर 2026 को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे. सरकार ने संबंधित सभी विभागों एवं अधिकारियों को राजकीय शोक के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. बता दें कि मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन छह अगस्त की सुबह मर्सी अस्पताल गिरिडीह में हो गया है.