बालूमाथ (लातेहार): बालूमाथ-पांकी मुख्य पथ पर बनियों ग्राम के समीप अनियंत्रित हाइवा ने स्कार्पियो को टक्कर मार दिया. जिससे स्कार्पियो में सवार संतोष लोहरा (25) पिता देशु लोहरा, थाना हेरहंज निवासी घायल हो गया. जानकारी के अनुसार संतोष अपनी नयी स्कॉर्पियो कार से पूरे परिवार के साथ नगर मंदिर से पूजा कर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बनियों पुल के समीप अनियंत्रित हाइवा ने उसके स्कॉर्पियो में टक्कर मार दिया. जिसमें संतोष लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बालूमाथ-पांकी मार्ग को बाधित कर दिया. जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. इस दौरान आधे घंटे तक सड़क जाम रहा. बाद में ग्रामीणों ने युवक की स्तिथि को खतरे से बाहर देखकर स्वतः जाम हटा लिया.