लातेहार। सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में गत 22 अगस्त को आयोजित विभाग स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता एवं संस्कृति महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र और छात्राओं को विद्यालय स्तर पर सम्मानित किया गया. विद्यालय के विभिन्न वर्गों में विभिन्न विषयों एवं विधाओं में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. प्रतियोगिताओं में संस्कृत, विज्ञान, अंग्रेजी, संस्कृति बोध परियोजना, वैदिक गणित, संगणक, मूर्ति कला, तात्कालिक भाषण, कथा-कथन, आचार्य पत्र वाचन सहित विभिन्न विधाओं में छात्र और छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया. विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी, विषय प्रमुख आचार्यों एवं संरक्षक आचार्यों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विजेताओं को आगामी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शित किया गया. प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने सभी विजेता भैया-बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम और लगन का परिणाम है. उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए और अधिक मेहनत करने तथा अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने एवं उनके सर्वांगीण विकास में ऐसी प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.