लातेहार। मनिका के पलहैया ग्राम में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. शुक्रवार को मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह और भाजपा जिला मंत्री छोटू राजा ने मनिका के अन्य गणमान्य लोगों के साथ यज्ञ में भाग लिया और आहुति दी. मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मक ऊर्जा एवं शक्तियां दूर भागती हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से एक परस्पर सहयोग एवं आपसी सोहार्द का वातावरण भी तैयार होता है. श्री सिंह ने क्षेत्र के सुख और शांति की कामना की. जिला महामंत्री ने भी अपनी शुभकामनाएं दी और कहा कि इन आयोजनों से समाज के लोग एक साथ जुड़ते हैं और अपनी संस्कृति व परंपराओं को जानने का मौका मिलता है. धार्मिक कार्यक्रमों से मन को शांति मिलती है और अच्छे विचारों की प्रेरणा भी मिलती है. मौके पर आयोजन समिति के कई सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे.