लातेहार। संवेदक संघ, लातेहार का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को संघ के अध्यक्ष राजन तिवारी के नेतृत्व में रांची स्थित विधानसभा आवास में लातेहार के विधायक प्रकाश राम से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को संवेदकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए सात सूत्री मांग पत्र सौंपा. अध्यक्ष राजन तिवारी ने कहा कि लातेहार जिले के संवेदक वर्तमान में बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं. भुगतान लंबित रहने, विभिन्न प्रक्रियागत समस्याओं और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण छोटे-बड़े संवेदक आर्थिक संकट एवं कर्ज के बोझ में दबते जा रहे हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से मांगों पर अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संवेदक संघ जन आंदोलन करने को बाध्य होगा. विधायक प्रकाश राम ने संवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे पूरे मामले को लातेहार के उपायुक्त एवं मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखेंगे तथा संवेदकों को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे. संघ की प्रमुख मांगों में स्थानीय संवेदकों को प्राथमिकता देते हुए तत्कालीन उपायुक्त गरिमा सिंह द्वारा जारी पत्रांक-906, दिनांक 29.08.2024 के आदेश को सख्ती से लागू करना, डीएमफटी की 10 प्रतिशत कटी राशि का भुगतान, सीएसआर एवं एसीए मद में लंबित करोड़ों रुपये का भुगतान, बाहरी व्यक्ति का जिला परिषद में किया गया निबंधन रद्द करना, जिला परिषद एवं एनआरएपी की निविदा ऑफलाइन कराने तथा नई रॉयल्टी चालान नीति को वापस लेने की मांग शामिल है. संघ ने आरोप लगाया कि रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था के कारण ग्रामीण कार्य, भवन प्रमंडल एवं जिला परिषद की कई योजनाओं का भुगतान महीनों से लंबित है। संवेदकों ने प्रशासन से व्यावहारिक समाधान की मांग की है. मौके पर उपाध्यक्ष रंजीत जायसवाल, मो. मोज्जमिल, कोषाध्यक्ष रविकान्त पासवान, रंजन प्रसाद, मो. एहसान, अजय गुप्ता, कृष्णा यादव, सुनील पाण्डेय, अशोक गुप्ता, अनवर अंसारी, कामिल अंसारी, इमदाद आलम, पवन गुप्ता, सूर्यदेव प्रसाद, प्रमोद महतो, आसिफ आगा सहित दर्जनों संवेदक मौजूद थे.