लातेहार। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 26 दिवसीय मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 सितंबर तक संचालित होगा. मौके पर बटालियन कमांडेंट राजेश सिंह ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा नक्सल एवं वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में निवास करने वाले गरीब, जरूरतमंद एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम चलाया जाता है. इसके तहत एसएसबी द्वारा व्यावसायिक प्रशिक्षण, कौशल विकास कार्यक्रम, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन करने के साथ आवश्यक सामग्रियों का वितरण भी किया जाता है. 32वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, लातेहार द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 27 अगस्त को 26 दिवसीय मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट राजेश सिंह के नेतृत्व में किया गया. कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर जालिम खुर्द पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, उपमुखिया धनलाल उरांव के अलावा एसएसबी के अधिकारी, कार्मिक एवं प्रशिक्षक उपस्थित थे. सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण युवाओं के लिए उपयोगी, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी पहल बताया. इस प्रशिक्षण में लातेहार प्रखंड के हुरवा, उदयपुर, जंगोटांड़, सेमरिया टांड़, तुपु खुर्द, धनकारा एवं कोटाम सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 20 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं. कमांडेंट श्री सिंह ने बताया कि ड्राइविंग प्रशिक्षण आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे प्रतिभागी तकनीकी रूप से दक्ष बनेंगे और उन्हें स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता तथा आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को यातायात नियम एवं कानून, वाहन की बुनियादी जानकारी, सुरक्षित ड्राइविंग तकनीक, रक्षात्मक (डिफेंसिव) ड्राइविंग, वाहन रखरखाव, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपाय तथा पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिकता की जानकारी दी जाएगी.