लातेहार। जिले के बारियातू प्रखंड के ग्राम इटके कब्रिस्तान टोला की सड़क इन दिनों बेहद जर्जर स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय से सड़क की उचित मरम्मत अथवा निर्माण नहीं होने के कारण सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है. पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दो पहिया एवं चारपहिया वाहनों को भी काफी कठिनाई हो रही है. आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन लातेहार ज़िला अध्यक्ष मोहम्मद शाहबाज़ और विधानसभा प्रभारी श्रवण पासवान ने उपायुक्त, विधायक प्रकाश राम, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, बारियातू इटके कब्रिस्तान टोला की सड़क का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कराने का आग्रह किया है. ग्रामीणों का कहना है कि अच्छी सड़क केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और दैनिक जीवन के लिए भी बेहद जरूरी है. इसलिए संबंधित विभाग तत्काल पहल कर ग्रामीणों को जर्जर सड़क की समस्या से राहत दिलाए. ग्रामीणों की मांग है कि बरसात को देखते हुए तत्काल सड़क को चलने योग्य बनाया जाए तथा स्थायी सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाए।