लातेहार। रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह में लातेहार के वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार के पुत्र रिषभ रंजन को सम्मानित किया जायेगा. रंजन ने लॉ विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल ( टॉपर) प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि के लिए रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह में उन्हें गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. रिषभ रंजन को इसे ले कर राजभवन से निमंत्रण पत्र भी प्राप्त हुआ है. रिषभ रंजन की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ लातेहार जिले में भी खुशी का माहौल है. कानून की पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने जिले का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है. रिषभ रंजन के इस उपलब्धि पर राज्यसभा सासंद बैद्यनाथ राम, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, विधायक प्रकाश राम, अधिवकता लाल अरविंद नाथ शाहदेव व संजय कुमार, बद्री प्रसाद, आशीष टैगोर, उपेंद्र प्रसाद, विशाल चंद्र साहू, रामदेव प्रसाद, पंचम प्रसाद, आदि ने बधाई दी है. बता दें कि इस वर्ष कुल 68 गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे. इनमें टॉपर एवं मेमोरियल गोल्ड मेडल शामिल हैं. विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार 68 गोल्ड मेडल पाने वालों में 48 छात्राएं शामिल हैं. वहीं, 50 टॉपर्स में 35 छात्राएं हैं. दीक्षांत समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री सहित अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के कार्यकाल में यह पहला दीक्षांत समारोह होगा.