लातेहार। सदर प्रखंड के तरवाडीह पंचायत के ओरवाई ग्राम के ग्रामीणों ने मंगलवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बाढ़ से हुई फसल क्षति के एवज में मुआवजा दिलाने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण गांव स्थित धरधरी नदी में अचानक बाढ़ आ गई. नदी का पानी खेतों में घुस जाने से खेतों में लगी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है. कांग्रेस नेता पंकज तिवारी व उप प्रमुख रामकुमार प्रसाद के नेतृत्व में समाहरणालय पहुंचे ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि बाढ़ के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. धान की फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो जायेगी. ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की जांच कराकर क्षतिग्रस्त फसलों का आकलन कराने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन की ओर से शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है. ज्ञापन सौंपने वालों में जगलाल सिंह, बुुुुधराम सिंह, कन्हाई सिंह, श्रीनाथ सिंह व दीपलाल सिंह समेंत कई ग्रामीणों का नाम शामिल है.