लातेहार। जिले में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की पहली पाली शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. परीक्षा के दौरान उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी निगरानी रही. उपायुक्त एवं एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसे लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू भी मौजूद थे. दूसरी पाली दो बजे से प्रारंभ होगी.