उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न आजीविका एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि, आजीविका संवर्धन, ग्रामीण उद्यमिता, कृषि एवं गैर-कृषि आधारित गतिविधियों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. समीक्षा के क्रम में संकुल संगठनों के अंतर्गत ऋण वापसी की प्रगति काफी कम पाए जाने पर उपायुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित संकुल प्रबंधकों को ऋण वापसी में तेजी लाने तथा बकाया ऋण की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. निर्धारित अवधि में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई. बैंक लिंकेज की समीक्षा के दौरान पाया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी प्रखंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं है. इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंडों को एक माह के अंदर बैंक लिंकेज की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयबद्ध तरीके से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष कुमार व जिले के सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक उपस्थित थे.