लातेहार। शहर के धर्मपुर स्थित रोहन इंस्टीट्यूट की ओर से रविवार को जुबली चौक स्थित होटल कार्निवल में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया. समारोह में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधानाध्यापक बिहारी साहू तथा विशिष्ट अतिथि युवा आजसू प्रभारी मुकेश यादव उपस्थित रहे. रोहन इंस्टीट्यूट के संचालक रविंद्र कुमार सहित संस्थान के शिक्षकगण, अभिभावक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने समारोह में भाग लिया. इस अवसर पर अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया.
विशिष्ट अतिथि मुकेश यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन के साथ निरंतर मेहनत और लगन से पढ़ाई करने पर सफलता अवश्य प्राप्त की जा सकती है. उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी एवं निरंतरता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य के पवित्र संबंधों और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया. उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और सभी के लिए यादगार बन गया.