बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राचीन पहाड़ी मंदिर परिसर के मां पार्वती मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और मां पार्वती के आभूषण समेत कई अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
मंदिर के पुजारी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर को निशाना बनाया. सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो चोरी की घटना की जानकारी हुई. इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन बरनवाल पुलिस बल के साथ मंदिर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक नकाबपोश चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता और मां पार्वती के आभूषण लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है. घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने तथा चोरी गए आभूषण और अन्य सामान की बरामदगी की मांग की है. वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है. पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.