लातेहार। शनिवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम में किया गया. निदेशालय, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार एवं उपायुक्त, लातेहार के निर्देश पर आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया; कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता सलमान जाफर, अनुमंडल पदाधिकारी, लातेहार दिनेश कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी अविनेश त्रिपाठी थे. मुख्य अतिथि सलमान जाफर ने कहा कि “युवा महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति और सामाजिक समरसता का उत्सव है. लातेहार के युवाओं ने अपनी प्रतिभा से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह आयोजन उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देता है. कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत (MY Bharat), लातेहार के राष्ट्रीय स्वयंसेवकों, जिला खेल समन्वयक लक्षेश्वर मंडल, जिला पर्यटन विशेषज्ञ नरेंद्र कुमार, अंकित कुमार, विकास कुमार, आलोक कुमार का योगदान सराहनीय रहा. चित्रकला प्रतियोगिता में अभिजीत कुमार, धनिता कुमारी व आयुष कुमार शर्मा ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया. जबकि कविता लेखन में राजनंदिनी कुमारी, नैन्सी कुमारी व रेशमी परवीन, नुक्कड़ नाटक में शर्मिला कुमारी एंड ग्रुप, लातेहार ग्रुप, लातेहार, सामूहिक लोक नृत्य विनीता कुमारी एंड ग्रुप, ग्रामीण ग्रुप, पाण्डेयपूरा और अनीसा कुमारी एंड ग्रुप, सामूहिक लोक गायन प्रतियोगिता में अनीसा एंड ग्रुप, स्वरांजलि संस्कृति संस्थान, लातेहार ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया. विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में लातेहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.