लातेहार। एक नवंबर को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट), 2026 जिले में 18 परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई. उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश में अनुमंडल पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की है. परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जायेगी. उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 बजे से 4:30 बजे तक होगी. उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. किसी भी स्थिति में कदाचार की सूचना नहीं मिलनी चाहिए. परीक्षा केंद्रों पर कदाचार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच करने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा कक्ष में ले जाने से रोकने का निर्देश दिया गया है.
मोबाइल फोन, स्मार्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाना वर्जित है. पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं. उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सतर्कता बरतने, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा परीक्षा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है.