लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार गुप्ता ने शनिवार की शाम शहर के मुख्य औरंगा नदी छठ घाट का निरीक्षण किया. मौके पर उपायुक्त के पारिवारिक सदस्य भी मौजूद थे. इस दौरान उन्होंने छठ घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने उपायुक्त को समिति की ओर से की जा रही तैयारियों से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि सड़क समतलीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा नदी की धारा को मोड़कर घाट का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित घाट उपलब्ध कराया जा सके.उपायुक्त ने तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही. मौके पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन, नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा, समाजसेवी अशोक कुमार (बूटा), अनिल गुप्ता, सुधीर यादव समेत समिति के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद थे.