महुआडांड़ (लातेहार)।बोकारो के चंदनकियारी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय तीसरी झारखंड राज्य जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप मंगलवार को पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुई। आठ और नौ सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा एथलीटों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 22 से 24 सितंबर तक पटना में आयोजित होने वाली 37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी खिलाड़ियों का चयन किया गया।
लातेहार की टीम बनी ओवरऑल चैंपियन
अंडर-18 बालक वर्ग में लातेहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं रांची की टीम 18 अंकों के साथ उपविजेता रही। लातेहार के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है।प्रतियोगिता में लातेहार के अभिजीत कुजूर ने 400 मीटर दौड़ में 49.53 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। अभिजीत की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वे एक गरीब किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता किसान हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अभिजीत ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी पहचान बनाई है।
बोकारो में रहकर कर रहे प्रशिक्षण
अभिजीत वर्तमान में भाटिया एथलेटिक्स अकादमी ट्रस्ट, बोकारो में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण, रहने-खाने और अन्य आवश्यक खर्चों में लातेहार जिला एथलेटिक्स संघ की सचिव व कोच अनुभा खाखा सहयोग कर रही हैं। उनका प्रयास है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण अभिजीत की खेल प्रतिभा प्रभावित न हो।जिला सचिव अनुभा खाखा ने कहा कि प्रतिभा किसी आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। अभिजीत जैसे खिलाड़ियों को उचित अवसर और सहयोग मिले तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लातेहार का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रशासन से पक्का आवास उपलब्ध कराने की मांग
अभिजीत के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और उनका घर मिट्टी का बना हुआ है। ऐसे में जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से उनके परिवार की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर सरकारी आवास योजना अथवा अन्य उपयुक्त योजना के माध्यम से पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की मांग की गई है। खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के साथ खिलाड़ी और उसके परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन का आधार मिलना भी जरूरी है।
लातेहार जिला एथलेटिक्स संघ की सचिव अनुभा खाखा, अध्यक्ष रोबर्ट मिंज, उपाध्यक्ष सुशांत उज्जवल, आलोक राठौर, इफ्तेखार अहमद, फादर दिलीप एक्का, तनवीर अहमद, संयुक्त सचिव माहताब आलम, अमिता रंजना मिंज समेत संघ के पदाधिकारियों ने लातेहार की टीम, सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।