लातेहार। दुर्गा पूजा को ले कर जिला मुख्यालय में शुक्रवार को जिला व पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकाीर संदीप कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी नंदकुमार राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनेाज कुमार तिवारी, थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन मौजूद थे. फ्लैग मार्च पुलिस मुख्यालय से प्रांरभ हो कर शहर के मुख्य पथ होते हुए थाना चौक पहुंची. इसके बाद विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस मुख्यालय पहुंची. इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके और हर्षोल्लास के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. पुलिस प्रशासन लोगों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर समय तत्पर एवं कृतसंकल्प है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की मुस्तैदी से लोगों को सुरक्षा का भरोसा भी मिला.