लातेहार। दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में नवनिर्मित जिला नियंत्रण भवन के सभागार कक्ष में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. पुलिस अधीक्षक श्री गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें. पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए. किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया. उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर स्थिति पर नजर रखें. आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. अपर समाहर्ता ने अपने संबोधन में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन करने की बात कही. ब्रीफिंग के दौरान पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्क रहें तथा किसी भी परिस्थिति में आपसी समन्वय एवं संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया गया. सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जिले में शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं. जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी अफवाह से बचें,सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक जानकारी को साझा न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 एवं साईबर सेल के वॉट्सएप नंबर 6206159795 एवं मोबाइल नंबर 9229341575 पर अथवा 112 पर कॉल कर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में दें सूचना. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी , डीएलओ प्रभात कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़, प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी , थाना प्रभारी उपस्थित थें.