झारखंड
धुमकुड़िया भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, ज्ञापन सौंपा
स्थल परिवर्तन और लाभुक समिति में फेरबदल की जांच की मांग

लातेहार। जिले के मनिका प्रखंड के नामुदाग पंचायत के मानिकडीह गांव में स्वीकृत धुमकुड़िया भवन के निर्माण को लेकर अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है. इसे ले कर ग्रामीणों ने आईटीडीए निदेशक को एक ज्ञापन सौंप कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से राजेश्वर उरांव को अध्यक्ष, कामेश्वर सिंह को सचिव और रुनिया देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया था. खाता संख्या 66, प्लॉट संख्या 172 पर भवन निर्माण का स्थल निर्धारित किया गया था.
लेकिन ग्राम प्रधान कृपाल सिंह पर ग्राम सभा की सहमति के बिना अध्यक्ष बदलकर राजेश्वरी देवी को बनाने और निर्माण स्थल को बदलकर अपनी निजी रैयती जमीन पर भवन निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान निर्माण स्थल के आसपास कोई आदिवासी परिवार निवास नहीं करता है, जबकि धुमकुड़िया भवन आदिवासी समुदाय के उपयोग के लिए स्वीकृत है.



