लातेहार। शहर के रेलवे स्टेशन रोड में मिशन हाता के समीप सोमवार की शाम दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान देवनाथ उरांव के रूप में हुई है. इस हादसे में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है. जबकि एक अन्य घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है. मालूम हो कि सोमवार को मिशन हाता के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी. दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हो गए थे. इनमें सेजल चंद्रवंशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. वहीं कृष्णा चंद्रवंशी, कृष्णा लोहार, विकास उरांव और देवनाथ उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सभी घायलों को तत्काल लातेहार सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था.