लातेहार। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्य स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप जिले में 17 से 24 नवंबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में गुरूवार को के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता और स्वच्छता से संबंधित गतिविधियां संचालित की गईं. पंचायती राज विभाग , स्वास्थ्य विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति एवं स्वस्थ ग्राम के निर्माण के उद्देश्य से तम्बाकू निषेध अभियान चलाया गया. इसके तहत लोगों को तम्बाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली निकाली गई. सार्वजनिक स्थलों एवं दुकानों पर तम्बाकू निषेध से संबंधित संदेश प्रदर्शित किए गए. विद्यालयों एवं हाट-बाजारों में नुक्कड़ संवाद के माध्यम से आमजनों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों एवं इससे उत्पन्न होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया. नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत लातेहार क्षेत्र अंतर्गत अवस्थित सामुदायिक शौचालयों एवं सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया गया. जिला प्रशासन द्वारा राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत निर्धारित कार्यक्रमों के सफल आयोजन के साथ-साथ जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.