लातेहार। शिक्षा के प्रसार एवं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के शैक्षणिक विकास के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, लातेहार शाखा द्वारा एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है. मंच ने लातेहार के सभी 26 एकल विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के बीच पाठ्य पुस्तिकाएँ एवं शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. इसी क्रम में गुरूवार को डुरूआ, गुरगू एवं मनकेरी स्थित तीन एकल विद्यालयों में बच्चों के बीच पाठ्य पुस्तिकाओं एवं शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया. मौके पर शाखा अध्यक्ष अनूप महलका, सचिव रितेश महलका, मोहित अग्रवाल, रितेश अग्रवाल,आनंद भूत,आशीष अग्रवाल एवं एकल विद्यालय अभियान से जुड़े बहादुर उपस्थित थे. मौके पर अध्यक्ष अनूप महलका व सचिव रितेश महलका ने बताया कि इस पहल के माध्यम से मंच का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उनकी शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो तथा आर्थिक एवं संसाधनों की सीमाओं के बावजूद उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए. उन्होने बताया कि प्रथम चरण में तीन विद्यालयों में वितरण के साथ इस अभियान की शुरुआत की गयी है. आगामी चरणों में लातेहार के शेष एकल विद्यालयों तक भी यह सहयोग पहुँचाया जाएगा. सचिव रितेश महलका ने इस अभियान में अपना समय एवं सहयोग देने वाले शाखा के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों तथा एकल विद्यालय अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया.