लातेहार। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. जिला टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद खनन विभाग सक्रिय हो गया है. प्रशासन ने जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में अवैध बालू खनन और परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए रास्तों पर ट्रेंच खोदने की कार्रवाई की जा रही है. इससे पहले लातेहार के औरंगा नदी में अवैध रूप से बालू खनन करने वाले ट्रैक्टरों के आवागमन के रास्ते में ट्रेंच खोदा गया था. डीएमओ नदीम सफी ने बताया कि आज बुधवार को जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के देवनद सहित अन्य नदियों से अवैध रूप से बालू का परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों के रास्तों पर भी ट्रेंच खोदा गया.
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य नदी घाटों तक ट्रैक्टरों की अवैध आवाजाही पर रोक लगाना है. उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन की इस पहल से अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों में हलचल देखी जा रही है. डीएमओ ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी.