बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड क्षेत्र के खुरा पंचायत अंतर्गत चमरडीहा गांव में जिला परिषद मद से बन रही पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और सोलिंग कार्य में टुकड़ा ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य स्थल पर विभागीय निगरानी नहीं होने से मनमानी की जा रही है. कनीय अभियंता अभय मिश्रा की बगैर मौजूदगी में कार्य कराया जा रहा है. इससे सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. हालांकि जानकारी लेने के लिए कनीय अभियंता अभय मिश्रा से संपर्क किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण स्थल पर लगाए गए शिलापट्ट को झाड़ी रखकर छिपाया गया है, जिससे निर्माण कार्य की जानकारी और स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 फीट मिट्टी युक्त सड़क के बाद उसी स्थान पर पीसीसी पथ का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती और गुणवत्ता को लेकर आशंका जताई जा रही है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग जिले के उपायुक्त से की है.