लातेहार
आबादी के बीच गैस सिलेंडरों के भंडारण पर उठे सवाल, उपाध्यक्ष ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
लातेहार। नगर पंचायत लातेहार के तपाखास स्थित केशवर आहार मार्ग में आबादी के बीच खाटू श्याम गैस एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों के भंडारण एवं वितरण को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं. मामले को लेकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. ज्ञापन में कहा गया है कि गैस एजेंसी द्वारा घनी आबादी के बीच बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण एवं वितरण किया जा रहा है. उक्त क्षेत्र पूरी तरह आवासीय है तथा आसपास नागरिकों के आवास के साथ-साथ अनाथ बच्चों का आवासीय विद्यालय भी स्थित है. ऐसे में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का भंडारण, लोडिंग-अनलोडिंग तथा दिन-रात वाहनों में सिलेंडरों को रखे जाने से सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है. संतोष रंजन ने कहा कि घरेलू गैस अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ है और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने की स्थिति में आग लगने, गैस रिसाव अथवा अन्य दुर्घटना से जान-माल की गंभीर क्षति हो सकती है. गैस सिलेंडरों से संबंधित दुर्घटनाओं की खबरों के कारण स्थानीय लोगों में भी भय एवं चिंता का वातावरण बना हुआ है. ज्ञापन में बताया गया कि इस गंभीर मामले की शिकायत नगर पंचायत के नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा से कई बार मौखिक रूप से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. जनसुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई है. उपाध्यक्ष ने उपायुक्त से मांग की है कि खाटू श्याम गैस एजेंसी एवं संबंधित सिलेंडर भंडारण व वितरण स्थल का तत्काल स्थल निरीक्षण कराया जाए. अग्निशमन विभाग, संबंधित आपूर्ति विभाग एवं अन्य सक्षम पदाधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर सुरक्षा जांच कराने तथा गैस सिलेंडरों के भंडारण एवं वितरण से संबंधित सभी अनुमतियों, लाइसेंस एवं सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए. साथ ही आबादी एवं आवासीय विद्यालय के निकट सिलेंडर भंडारण से उत्पन्न संभावित खतरे का सुरक्षा आकलन कराने और यदि स्थल निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उचित स्थान पर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है.