महुआडांड़/नेतरहाट(लातेहार)। पर्यटन नगरी नेतरहाट स्थित शैले हाउस में महीनों से चल रही सुंदरीकरण व अन्य निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं होने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी होने के साथ-साथ शैले हाउस का मुख्य प्रवेश द्वार (मेन गेट) भी हमेशा बंद रहने की बात सामने आ रही है. इससे दूर-दराज से नेतरहाट पहुंचने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.पर्यटकों का कहना है कि शैले हाउस नेतरहाट के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. यहां विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाना अच्छी पहल है, लेकिन लंबे समय से निर्माण कार्य जारी रहने और परिसर का मुख्य गेट बंद रहने के कारण पर्यटकों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. कई पर्यटक शैले हाउस पहुंचने के बाद भी बाहर से ही देखकर लौटने को मजबूर हो रहे हैं.स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण पर्यटन स्थल की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है. परिसर में निर्माण सामग्री और अधूरे कार्य के कारण स्थल का आकर्षण कम हुआ है. पर्यटकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य चल रहा है तो विभाग को इसकी स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करनी चाहिए, ताकि कार्य को जल्द पूरा कराया जा सके और पर्यटकों की सुविधा बहाल हो. पर्यटकों ने यह भी कहा कि नेतरहाट में वर्षभर सैलानी पहुंचते हैं और पर्यटन सीजन में पर्यटकों की संख्या और बढ़ जाती है. ऐसे में प्रमुख पर्यटन स्थल का मुख्य द्वार लगातार बंद रहना पर्यटन की दृष्टि से उचित नहीं है. संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि निर्माण कार्य के दौरान भी पर्यटकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक प्रवेश की व्यवस्था हो.लोगों ने संबंधित विभाग और कार्य एजेंसी से निर्माण कार्य में तेजी लाने, कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करने तथा शैले हाउस का मुख्य गेट पर्यटकों के लिए खोलने की उचित व्यवस्था करने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नेतरहाट को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने के प्रयास तभी सार्थक होंगे, जब यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर समय पर निर्माण कार्य पूरा होने के साथ पर्यटकों को बेहतर सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए. पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शैले हाउस के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करने तथा मुख्य प्रवेश द्वार बंद रहने के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि पर्यटकों को हो रही परेशानी दूर हो सके.